अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक गाइड 2026: यात्रा मार्ग, सही समय, खर्च, कठिनाई और जरूरी टिप्स
अगर आप हिमालय की गोद में स्थित एक ऐसे ट्रेक की तलाश कर रहे हैं जहाँ बर्फ से ढकी हुई ऊँची चोटियाँ, पहाड़ी गाँव, हरे-भरे जंगल एक साथ देखने को मिलें, तो अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक आपके लिए अच्छा विकल्प है. नेपाल में स्थित यह ट्रेक पहली बार हिमालयी ट्रेक पर जाने वालों से लेकर अनुभवी ट्रेकर्स तक बेहद लोकप्रिय है.

अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक 2026 में भी अपने खूबसूरत नजारों तथा सुरक्षित मार्ग के कारण सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. आज के इस गाइड में आप सभी को यात्रा मार्ग, सही समय, खर्च, कठिनाई और ट्रेक से जुड़ी सभी जानकारियाँ आसान हिन्दी में मिलने वाली हैं.
अन्नपूर्णा बेस कैंप क्यों चुनें ?
- एबीसी नेपाल में स्थित सबसे शानदार ट्रेक में से एक है, जो आप सभी को अन्नपूर्णा संरक्षण क्षेत्र से होकर ले जाता है यहाँ से आपको माछापुछ्रे, और अन्नपूर्णा साउथ के बहुत ही खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं.
- अन्नपूर्णा बेस कैंप के दौरान आप गुरुंग और मगर गाँवों में जाकर उनकी रहन-सहन और सांस्कृतिक जीवन शैली, भोजन का आनन्द उठा सकते हैं.
- यहाँ पर रास्ते में आपको झिनु डांडा के पास एक प्राकृतिक गर्म पानी का झरना भी देखने को मिलेगा जिसमें आप अपने थकान मिटाने तथा माँशपेशियों को आराम देने के स्नान कर सकते हैं.
- यह अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक आपके जीवन भर का यादगार अनुभव देता है.
ट्रेक का संक्षिप्त विवरण
- अन्नपूर्णा ट्रेक दूरी – 70 KM
- अन्नपूर्णा ट्रेक अवधि – 9 दिन
- अन्नपूर्णा ट्रेक की ऊंचाई – 4,130 मीटर
- अन्नपूर्णा ट्रेक की कठिनाई – मध्यम
- अन्नपूर्णा ट्रेक के लिए अच्छा मौसम – मार्च से मई और सितंबर से नवंबर
- शुरुआत बिंदु – पोखरा, नेपाल
अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक का यात्रा मार्ग
दिन 1 — पोखरा में आगमन
दिन 2 — पोखरा से गांद्रुक
दिन 3 — गांद्रुक से छोमरोंग (दूरी – 10 किमी, अवधि 7-8 घंटे)
दिन 4 — छोमरोंग से बम्बू (दूरी 10 किमी – अवधि 6-7 घंटे)
दिन 5 — बम्बू से देउराली (दूरी – 9 किमी अवधि 6-7 घंटे)
दिन 6 — देउराली से अन्नपूर्णा बेस कैंप पहुँचेंगे माछापुछ्रे बेस कैंप होते हुए (दूरी – 8 किमी)
दिन 7 — अन्नपूर्णा बेस कैंप से बम्बू वापसी (दूरी – 13 किमी, अवधि – 9 से 10 घंटे)
दिन 8 — बम्बू से झिनु गर्म झरना (दूरी – 8 किमी, अवधि – 5 घंटे)
दिन 9 — झिनु गर्म झरने से झिनु पुल और पोखरा के लिए निकलना (दूरी – 2 किमी, अवधि – 30 मिनट)

सही मौसम का चुनाव
अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक पर जाने का सोच रहे हैं, तो सही मौसम का चुनाव करना जरूरी है. अगर आप मार्च से मई के समय तथा सितम्बर से नवम्बर तक जाते हैं, तो यह सबसे बेहतरीन समय माना जाता है. इन महीनों में मौसम आमतौर पर साफ रहता है, हल्की ठंडी रहती है, और पहाड़ों की चोटियाँ साफ नजर आती हैं.
मॉनसून – जून से अगस्त के महीने में यहाँ के रास्ते फिसलन और भूस्खलन वाले होते हैं जो बहुत ही जोखिम भरा होता है. इसलिए इन महीनों में अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक सुरक्षित नहीं माना जाता है.
सही मौसम चुनने से आप प्राकृतिक नजारे तथा शांत वातावरण का आनंद ले सकते हैं, और आपका ट्रेक आरामदायक और सुरक्षित होगा.
सबसे अच्छे महीने – मार्च, अप्रैल, मई, सितम्बर, अक्टूबर, नवम्बर
अगर आप यह ट्रेक मार्च में कर रहे हैं, तो यह सबसे अच्छा समय माना जाता है. ट्रेक के दौरान आपको लाली गुराँस के फूल सबसे अधिक देखने को मिलते हैं, यह नेपाल का राष्ट्रीय फूल है. मार्च में ट्रेक के रास्ते लाल, सफेद, गुलाबी रंग के गुराँस के फूलों से ढके रहते हैं. जिससे अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक और भी सुन्दर और यादगार अनुभव बन जाता है.
ट्रेकिंग परमिट और फीस

अन्नपूर्णा कंजर्वेशन एरिया में ट्रेकिंग करने से पहले आपको नेपाल सरकार द्वारा एक परमिट बनवाना आवश्यक है. यह परमिट आप पोखरा में स्थित नेपाल टूरिज्म बोर्ड के कार्यालय से बनवा सकते हैं. कार्यालय में आपसे 2 पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड या पासपोर्ट माँगा जाता है. साथ ही आपको एक फॉर्म भरने के लिए दिया जाता है, जिसमें सभी जानकारी आपके द्वारा भरी जाती है और 1000 नेपाली रुपये के साथ यह परमिट बनकर तैयार हो जाता है.
आवश्यक सामान की सूची
अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक करते समय इन ज़रूरी सामानों को अपने साथ रखना आवश्यक है, जैसे:
- ट्रेक पैंट
- फ्लीस जैकेट
- ऊनी मोजे
- दस्ताने
- डाउन जैकेट
- जुते (ट्रेकिंग शूज)
- अन्य ज़रूरी सामान:
- ट्रेकिंग पोल
- बैकपैक
- स्लीपिंग बैग
- सनस्क्रीन (SPF 50+)
- प्रोटीन बार
- पावर बैंक
- पानी की बोतल
बजट अनुमान
ट्रेकिंग परमिट तथा फीस:
- अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक के लिए आपको दो परमिट बनवाना होता है:
- एसीएपी (ACAP) परमिट: भारतीयों के लिए NPR 1000 अन्नपूर्णा बेस कैंप ट्रेक के लिए यह अनिवार्य है.
- टीआइएमएस (TIMS) कार्ड: NPR 1500.
- कुल अनुमानित खर्च: लगभग 1500 से 2000 नेपाली रुपये.
खाना तथा रहना:
- ऊँचे बसे गाँवों में रहने तथा खाने की कीमत अलग-अलग हो सकती है.
- गेस्टहाउस तथा लॉज: NPR 800 से 1500 प्रति दिन.
- खाना: NPR 500 से 1000 प्रति दिन (नाश्ता तथा दोपहर का और रात का खाना)
- कुल अनुमानित खर्च: लगभग 10,000 से 15,000 नेपाली रुपये.
ट्रांसपोर्ट:
- काठमांडू से पोखरा के लिए बस: NPR 1200-1500
- पोखरा से नयापुल के लिए जीप: NPR 400-600
गियर तथा अन्य खर्चे
- ट्रेकिंग के लिए जूते: 3000 से 4500 तक
- बैग, स्लीपिंग बैग, कपड़े: 8000 से 10,000 तक
- कुल अनुमानित बजट: 30,000 रुपये
विशेष नोट
अगर आप गाइड या पोर्टर के साथ जाने की योजना बना रहे हैं, तो आपका अनुमानित बजट 70,000 रुपये तक हो सकता है. लेकिन गाइड या पोर्टर वैकल्पिक हैं, आप यह ट्रेक अकेले कर सकते हैं. हमने भी यह ट्रेक अकेले ही किया है. सभी रास्ते अच्छे से चिह्नित किए गए हैं.
ट्रेक की कठिनाई और सुझाव
- ऊँचाई तथा ऑक्सीजन की कमी: अन्नपूर्णा बेस कैंप की ऊँचाई 4130 मीटर है, जिससे साँस फूलना, थकान और सिरदर्द जैसी समस्या हो सकती है. धीरे-धीरे चढ़ें और शरीर को ऊँचाई के अनुसार एडजस्ट होने दें.
- खाने तथा पानी की कमी: ऊँचाई पर पानी और भोजन सीमित होता है, इसलिए पानी की बोतल और हल्का खाना साथ रखें.
- लंबा पैदल सफर: रोजाना 5-8 घंटे पैदल चलना होता है. रास्ते में पत्थर और कीचड़ हो सकते हैं, इसलिए मजबूत ट्रेकिंग जूते और पोल का इस्तेमाल करें.
- मौसम: हिमालयन रेंज में मौसम तेजी से बदलता है. बारिश और बर्फबारी से बचने के लिए रेनकोट और जैकेट साथ रखें.
- पहाड़ों में ट्रेकिंग करते समय अकेले जाना जोखिम भरा हो सकता है. मौसम अचानक बदल सकता है, रास्ता भटकने का खतरा रहता है या तबीयत खराब हो सकती है। ऐसे में समूह के साथ होने पर तुरंत मदद मिल जाती है. समूह में ट्रेकिंग करने से सुरक्षा बढ़ती है, हौसला बना रहता है और सफर ज़्यादा सुरक्षित व यादगार बनता है. इसलिए ट्रेक पर निकलते समय अकेले जाने की बजाय हमेशा समूह के साथ जाना बेहतर होता है.
सुझाव:
- मेडिकल किट: सिरदर्द, घाव, मोच और एल्टीट्यूड सिकनेस की दवा साथ रखें.
- हाई एल्टीट्यूड वाले ट्रेक (3000 मीटर से ऊपर) में ऑक्सीजन की कमी के कारण कई ट्रेकर्स ऊँचाई की बीमारी हो सकती है. इसी वजह से ट्रेक के दौरान डायमॉक्स टैबलेट हमेशा अपने साथ रखना बेहद ज़रूरी माना जाता है.
- हाइड्रेशन: दिन में 2-4 लीटर पानी पिएं. एनर्जी के लिए चॉकलेट और प्रोटीन बार साथ रखें.
- सही सामान: रेनकोट, टोपी, मजबूत जूते और गर्म कपड़े जरूर ले जाए.